राज्य
24-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने पंजाब के तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी मुंबई शहर में विदेशी निर्मित हथियार और जिंदा कारतूस बेचने आए थे। गिरफ्तार आरोपियों में से दो वर्ष 2022 के पटियाला हत्या मामले में फरार चल रहे थे, जबकि तीसरे आरोपी पर 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। बताया गया है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिना लाइसेंस के अवैध हथियार बेचने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने फोर्ट इलाके में सेंट जॉर्ज अस्पताल के पास जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सुखविंदर चंद्रपाल (24), जसनप्रीत मंगल सिंह (24) और अरबाज चौधरी (34) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में आरोपियों के पास से चीन निर्मित तीन पिस्टल, मैगजीन और 45 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, प्रत्येक पिस्टल की कीमत करीब 3 लाख रुपये है, जबकि एक कारतूस की कीमत लगभग 100 रुपये बताई गई है। इस मामले में एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसे बाद में एंटी एक्सटॉर्शन सेल को सौंप दिया गया। क्राइम ब्रांच अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस का कहना है कि पिछले दो वर्षों में मुंबई में गिरफ्तार बिश्नोई गैंग के कई सदस्य पंजाब और उत्तर प्रदेश से जुड़े पाए गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुखविंदर चंद्रपाल और जसनप्रीत सिंह पटियाला के एक हत्या मामले में वांछित थे। इस मामले में एक युवक की कई आरोपियों द्वारा चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने उस मामले में पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन ये दोनों फरार चल रहे थे। वहीं तीसरे आरोपी अरबाज चौधरी के खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, अपहरण, दंगा, मारपीट और आपराधिक धमकी समेत 19 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच ने आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी पंजाब पुलिस को दे दी है। संजय/संतोष झा- २४ मई/२०२६/ईएमएस