मण्डला (ईएमएस)। विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व के मुक्की क्षेत्र में वन्यजीवों को घातक कैनाइन डिस्टेंपर वायरस संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए पार्क प्रबंधन द्वारा संवेदनशील बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुक्की और खापा बफर एंट्री द्वार क्षेत्र के लाज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जहां वायरस के फैलने के कारणों, आवश्यक सावधानियों तथा प्रभावी नियंत्रण उपायों पर विस्तृत रणनीति बनाई गई। बैठक के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए लाज संचालकों और पार्क प्रबंधन के बीच कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आम सहमति बनी। इसके तहत लाज परिसरों के भीतर बचे हुए खाद्य पदार्थों और कचरे के निपटान की ऐसी व्यवस्था की जाएगी, जिससे वहां आवारा कुत्तों की पहुंच न हो सके। खाद्य पदार्थों को आवारा कुत्तों से दूर रखकर संक्रमण फैलने की संभावना को न्यूनतम करने का कड़ा प्रयास किया जाएगा। इस अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए लाज एसोसिएशन ने पार्क प्रबंधन को अपनी ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। एसोसिएशन द्वारा कान्हा के सीमावर्ती क्षेत्रों में घूमने वाले आवारा कुत्तों के वैक्सीनेशन कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई जाएगी, ताकि इस घातक वायरस के चक्र को समय रहते तोड़ा जा सके। वन्यजीवों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर विषय पर आयोजित बैठक में कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक, सहायक संचालक हालोन, परिक्षेत्र अधिकारी मुक्की सहित क्षेत्र के प्रतिष्ठित होटल्स एवं लाज एसोसिएशन के तमाम प्रतिनिधिगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे। ईएमएस / 24/05/2026