-युवाओं में भरा सैन्य अनुशासन का जज्बा -व्यक्तित्व विकास और आपदा प्रबंधन सहित एकता का पाठ पढ़ाया गया शिवपुरी (ईएमएसस)। शिवपुरी में 35 एमपी बटालियन एनसीसी के तत्वाधान में माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर, शिवपुरी में आयोजित 10-दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 15 मई 2026 से शुरू होकर 24 मई 2026 तक चले इस गहन शिविर में सैकड़ों एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया, जहां उन्हें देश सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के कड़े गुर सिखाए गए। यह शिविर कैंप कमांडर कर्नल विजय वीर दहिया के कुशल मार्गदर्शन और प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल ए. नरेंद्र रेड्डी के सटीक प्रबंधन व प्रशासनिक देखरेख में आयोजित किया गया। युवाओं में भरा सैन्य अनुशासन का जज्बा- इन दस दिनों के दौरान माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर का पूरा वातावरण सैन्य छावनी की तरह अनुशासित और जीवंत नजर आया। कर्नल विजय वीर दहिया और लेफ्टिनेंट कर्नल ए. नरेंद्र रेड्डी की देखरेख में कैडेट्स के लिए एक बेहद संतुलित और कड़ा प्रशिक्षण शेड्यूल तैयार किया गया था, जिसके मुख्य आकर्षण निम्नलिखित रहे। इस दौरान शिविर में सटीक ड्रिल और फिजिकल फिटनेस शस्त्र संचालन, मैप रीडिंग और फील्ड क्राफ्ट, व्यक्तित्व विकास और आपदा प्रबंधन, अनेकता में एकता का संदेश प्रशिक्षण में दिया गया। कैंप कमांडर कर्नल विजय वीर दहिया ने किया संबोधित - शिविर के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कैंप कमांडर कर्नल विजय वीर दहिया ने भीषण गर्मी के बावजूद कैडेट्स के उच्च मनोबल और उत्कृष्ट अनुशासन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी का मुख्य लक्ष्य केवल सैन्य प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि देश को ऐसे अनुशासित युवा सौंपना है जो राष्ट्र निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभा सकें। प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल ए. नरेंद्र रेड्डी ने शिविर को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर के प्रबंधन, सहयोगी स्टाफ और सैन्य प्रशिक्षकों का आभार जताया। रंजीत गुप्ता/ईएमएस/24/05/2026