दुमका (ईएमएस)। हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिमरा गांव निवासी मोहन राउत ने सड़क दुर्घटना में अपने पुत्र की मौत के मामले में थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिमरा निवासी गौतम कुमार 24 वर्ष, पिता मोहन राउत, 07 अप्रैल की शाम अपनी मोटरसाइकिल से नोनीहाट बाजार से कुरमाहाट की ओर जा रहा था।इसी दौरान कुंजी पुल के समीप हंसडीहा की ओर से तेज गति एवं लापरवाही से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उसकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गौतम कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से उसे तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया।इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए पश्चिम बंगाल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक के पिता मोहन राउत ने बताया कि पुत्र के इलाज, देखभाल एवं अंतिम संस्कार में व्यस्त रहने के कारण वे थाना में आवेदन नहीं दे सके। बाद में उन्होंने हंसडीहा थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई तथा अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आवेदन के आधार पर हंसडीहा थाना कांड संख्या 48/26 दर्ज कर लिया है।पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात ट्रक एवं उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। - 24मई/26