कोरबा (ईएमएस) ऐसा लग रहा हैं की कोरबा जिले में इन दिनों चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे किसी एक जगह तक सीमित नहीं रह गए हैं। रोड किनारे लगी हाईमास्ट लाइटें, विद्यालय का सामान या ग्रामीण पेयजल व्यवस्था से जुड़ी पंचायत संपत्ति, हर जगह चोर हाथ साफ कर रहे हैं। इसी कड़ी में एक और बड़ी वारदात कुसमुंडा थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां एसईसीएल साइडिंग में कार्यरत कंपनी की विद्युत व्यवस्था को निशाना बनाया गया। जगदम्बा इंजिनियर्स एंड बिल्डर्स, बीकानेर के प्रोजेक्ट इंचार्ज दामोदर प्रसाद सारस्वत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि लक्ष्मण साइलो साइडिंग में लगाए गए 30 मीटर ऊंचे 15 हाईमास्ट टावरों से 180 नग (प्रति नग 400 वॉट) लाइट चोरी कर ली गई। बताया गया कि 26 से 28 अप्रैल के मध्य 33 हाईमास्ट टावरों में से 15 टावरों को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाइटें उखाड़ लीं, वहीं विद्युत पैनल, वायरिंग और अन्य उपकरणों में भी तोड़फोड़ की गई। घटना गेवरा टिपर रोड पर दुर्गा माता मंदिर से गंगानगर क्रासिंग तक अलग-अलग स्थानों पर हुई। कंपनी के अनुसार अभी यह परियोजना एसईसीएल को हैंडओवर भी नहीं किया गया था। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। इसी कड़ी में दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत अज्ञात चोरों ने सलिहाभाठा प्राथमिक शाला में गर्मी की छुट्टी का फायदा उठाकर खिड़की तोड़ रॉड मोड़ विद्यालय के कमरों के भीतर प्रवेश किया और 4/सिलिंग फैन, 3 ट्यूबलाइट, 3 सीएफएल बल्ब, एक साउंड बॉक्स तथा एक वायर बंडल की चोरी कर ली। प्रधान पाठक सुनील ने बताया कि विद्यालय के सभी कमरों में ताले लगे थे, लेकिन पीछे की खिड़की तोड़कर चोरी की गई। घटना की जानकारी सफाईकर्मी द्वारा फोन पर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में धारा 305 और 331(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुदरी-कुरुडीह में पंचायत की संपत्ति पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। ग्राम उपसरपंच किशन कुमार मरावी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दोड़का खार मोहल्ला वार्ड 10 में पंचायत द्वारा लगाए गए बोर मशीन, पैनल, केबल और सर्विस वायर चोरी कर ली गयी हैं। इसी तरह ग्राम कुदरी में बोर कनेक्शन सर्विस तार को चोरी कर लिया गया। मामले में पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 24 मई / मित्तल