कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहनपुर के ग्रामीणों ने एक शातिर चोर को ना सिर्फ रंगे हाथों पकड़कर उसे रस्सी से बांध दिया, बल्कि उसकी जमकर पिटाई भी की। बताया जा रहा है कि ग्राम मोहनपुर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले लंबे समय से मवेशियों और खेतों से बोर पंप चोरी होने की वारदातें सामने आ रही थीं, जिससे ग्रामीण बेहद परेशान थे और चोरों की ताक में थे। चोर के पकड़े जाते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने चोर को रस्सी से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पूछताछ में पता चला है कि पकड़ा गया कथित आरोपी चोर ग्राम तिवरता का निवासी हैं। पिटाई उपरान्त ग्रामीणों ने उसको कटघोरा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार घटना को अंजाम देकर भाग रहे दो चोरों की बाइक रास्ते में आए एक स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर गिर गई। बाइक गिरते ही ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दी। इस दौरान एक चोर तो मौका पाकर भागने में सफल रहा, लेकिन दूसरे शातिर चोर को ग्रामीणों ने मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने कथित आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस फरार हुए दूसरे कथित आरोपी की तलाश के साथ-साथ इस क्षेत्र में हुई पुरानी चोरियों के बारे में भी सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। 24 मई / मित्तल