राज्य
24-May-2026
...


:: सिख प्रीमियर लीग के रोमांचक मुकाबलों में चढ़दी कला इलेवन ने पिपल्याराव इलेवन को 44 रनों से हराया :: इंदौर (ईएमएस)। विष्णुपुरी के सचखंड मार्ग स्थित गुरु अरजन देव खेल मैदान पर चौके-छक्कों की गूंज और दर्शकों के भारी हुजूम के बीच चढ़दी कला ट्रॉफी सिख प्रीमियर लीग का रोमांच परवान पर है। स्पर्धा के छठे दिन जहां मैदान पर बल्लेबाजों का आक्रामक खेल और रनों की बरसात देखने को मिली, वहीं बब्बर शेर इलेवन और चढ़दी कला इलेवन ने अपने-अपने मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वी टीमों को शिकस्त देकर जीत का परचम लहराया। :: रोमांचक मैच में बब्बर शेर इलेवन 7 रन से विजयी :: बब्बर शेर इलेवन ने पहले खेलते हुए विष्णुपुरी इलेवन के खिलाफ 8 ओवर में 4 विकेट पर 106 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। रविमीत अरोरा ने चार छक्कों व दो चौकों की मदद से 60 रनों की उम्दा पारी खेली। प्रिंस ठक्कर ने 13 और हरदीप सिंह ने 16 रन बनाए। विष्णुपुरी इलेवन की ओर से मनजोत सिंह ने 2 विकेट लिए। जवाब में 107 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विष्णुपुरी इलेवन निर्धारित 8 ओवर में 99 run ही बना सकी और कड़ा मुकाबला 7 रन से हार गई। पुष्पदीप सिंह के 55 और तेजिंदर सिंह के 20 रन भी टीम को जीत नहीं दिला सके। :: चढ़दी कला इलेवन ने पिपल्याराव को दी पटखनी :: दूसरे मुकाबले में चढ़दी कला इलेवन ने पिपल्याराव इलेवन को 44 रनों के बड़े अंतर से मात दी। चढ़दी कला इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 1 विकेट पर 96 रन बनाए। शम्मी सुदन ने 25, जगमीत सिंह ने 19 और अंश ने 14 रनों का योगदान दिया। जवाब में चढ़दी कला इलेवन की सटीक गेंदबाजी के सामने पिपल्याराव की टीम 8 ओवर में 6 विकेट खोकर 52 रन पर ही सिमट गई। सहजदीप सिंह (12 रन) के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। :: विधायक मालिनी गौड़ ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह :: मैचों के दौरान क्षेत्र क्रमांक चार की विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ और पार्षद कमलेश कालरा ने मैदान पर पहुँचकर खिलाड़ियों और आयोजकों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अमरजीत सिंह बग्गा और प्रीतपाल सिंह भाटिया भी उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत हरपाल सिंह भाटिया, चरणजीत सिंह सैनी, हरप्रीत सिंह बक्शी, अमरजीत सिंह भाटिया और सुखजिंदर चहल ने किया। प्रकाश/24 मई 2026