इन्दौर (ईएमएस) एक सनसनीखेज घटना में चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी का गला घोंट हत्या करने के बाद पति ने भी ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना हीरानगर थाना क्षेत्र के मेघदूत नगर की है। और मृतकों के नाम हल्के वीर पटेल और उसकी पत्नी रोशनी है। घटना का पता तब चला जब उनकी बेटी के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो दोनों के शव पड़े मिले। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। हीरा नगर थाना प्रभारी सुशील पटेल के मुताबिक, घटना सुबह करीब 6.30 बजे की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पत्नी के प्रेम संबंधों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। जिसके चलते पति ने घटना कारित की। मौके से मिलें सुसाइड नोट में लिखा कि दोनों जहर खाकर जान दे रहे हैं । पत्नी ने उसके साथ धोखा किया है। उसका सतीश साहू से संबंध था। दोनों उसी कारण जहर खाकर जान दे रहे हैं। साथ ही बेटी की जिम्मेदारी उसकी साली को सौंपने और संपत्ति बेटी के 18 साल की होने पर उसे देने की बात भी लिखी गई है। नोट में यह भी लिखा है कि सतीश साहू ने उसे पीथमपुर बुलाकर मारपीट की थी और उसके माता-पिता भी उसका साथ दे रहे थे। उसने मांग की है कि उसकी मौत के बाद सतीश के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। थाना प्रभारी के अनुसार सुसाइड नोट में दोनों के जहर खाने की बात लिखी है, लेकिन पत्नी रोशनी के गले पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि पहले उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों के मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मूलतः होशंगाबाद का रहने वाला हल्के वीर पटेल पीथमपुर की एक पेस्टिसाइड कंपनी में नौकरी करता था। उसकी पत्नी का पीथमपुर निवासी सतीश साहू से प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी हल्के वीर को लग गई थी। कल वह एक रिश्तेदार के साथ सतीश से बात करने भी गया था। वहां सतीश के परिजनों ने उनके साथ डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया है और घटनास्थल पर एफएसएल की टीम ने भी तफ्तीश शुरु कर दी है। आनंद पुरोहित/ 24 मई 2026