क्षेत्रीय
24-May-2026
...


- रेखाचित्रों में झलकी बच्चों की अनूठी रचनात्मकता; इंदौर प्रेस क्लब की तीन दिवसीय कार्टूनशाला का सोल्लास समापन इंदौर (ईएमएस)। बचपन की दहलीज पर सीखे गए कला और कौशल जीवन के सफर में सबसे बड़े संबल बनते हैं। कार्टून महज़ एक रेखाचित्र नहीं, बल्कि वह सशक्त विधा है जो गंभीर से गंभीर बात को भी बिना किसी को आहत किए, बेहद सहज और व्यंग्यात्मक लहजे में कह जाती है। यह प्रेरक विचार कलेक्टर श‍िवम वर्मा ने व्यक्त किए। वे इंदौर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित और ख्यात कार्टूनिस्ट इस्माइल लहरी के मार्गदर्शन में संचालित तीन दिवसीय कार्टूनशाला के समापन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि बच्चों को संबोधित कर रहे थे। इंदौर प्रेस क्लब के इस अनूठे आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया। पढ़ाई के साथ खेल और रचनात्मकता भी जरूरी कलेक्टर वर्मा ने बच्चों के मानसिक विकास में कला की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियाँ व्यक्तित्व को पूर्णता देती हैं। कार्टून के माध्यम से बच्चे अपनी अभिव्यक्ति को नए आयाम दे सकते हैं। समापन के उल्लास भरे माहौल में कलेक्टर स्वयं भी बच्चों के बीच रमे नज़र आए। उन्होंने न केवल बच्चों के बनाए रेखाचित्रों की सराहना की, बल्कि उन पर ऑटोग्राफ देकर नन्हे कलाकारों का उत्साहवर्धन भी किया। :: निरंतर अभ्यास से ही निखरेगी कला : लहरी इससे पूर्व, इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष दीपक कर्दम ने स्वागत उद्बोधन के जरिए तीन दिनों की इस कला यात्रा के उद्देश्यों और उसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्वास जताया कि यहाँ से मिले संस्कार और हुनर बच्चों को भविष्य में ऊंचे मुकाम पर ले जाएंगे। समापन के इस भावुक क्षण पर विख्यात कार्टूनिस्ट इस्माइल लहरी ने बच्चों से मुखातिब होते हुए कहा- हमारा यह आत्मीय रिश्ता सिर्फ इन तीन दिनों तक महदूद नहीं है। आपने यहाँ जो कुछ भी सीखा है, उसे सहेज कर रखें और घर पर इसका निरंतर अभ्यास करें। अभ्यास ही आपकी कला को तराशेगा। भविष्य में जब भी आपको मार्गदर्शन की दरकार होगी, मैं सदैव उपलब्ध रहूँगा। इस आत्मीय मौके पर लहरी ने स्वयं द्वारा तैयार किया गया एक आकर्षक कैरीकेचर कलेक्टर वर्मा को स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किया। :: दिग्गज विभूतियों ने बढ़ाया बच्चों का हौसला :: उल्लेखनीय है कि इस तीन दिवसीय कार्यशाला के प्रथम दिन महापौर पुष्यमित्र भार्गव और द्वितीय दिन तुलसी शोध संस्थान (चित्रकूट) की निदेशक डॉ. मंजूषा जौहरी एवं स्वाति काशिद ने अतिथि के रूप में पधारकर बच्चों की रचनात्मकता की भूरि-भूरि प्रशंसा की थी। समारोह के प्रारंभ में अतिथियों का आत्मीय स्वागत प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम, उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष मुकेश तिवारी सहित कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद दीक्षित, अभय तिवारी, पूनम शर्मा, नितिन जैन और लक्ष्मीकांत पंडित ने किया। गरिमामय कार्यक्रम का कुशल संचालन महासचिव प्रदीप जोशी ने किया एवं आभार प्रदर्शन मुकेश तिवारी द्वारा व्यक्त किया गया। इस उल्लासपूर्ण समापन अवसर पर बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक और पत्रकार दीर्घा के साथी उपस्थित थे। प्रकाश/24 मई 2026