क्षेत्रीय
24-May-2026
...


- मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने वाले 19 चालक भी पकड़ाए कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान अंतर्गत कोरबा पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही लगातार जारी है। इसी क्रम में चलाए गए 1 दिवसीय विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए कुल 104 प्रकरणों में चालान काटे और 53,400 समंस शुल्क वसूला। अभियान के दौरान मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने वाले 19 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्यवाही की गई। यह कार्यवाही थाना/चौकी पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिससे सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर वाहन ना चलाए, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें तथा मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। 24 मई / मित्तल