24-May-2026
...


- अन्य की तलाश, 100 दिन में पैसा डबल करने का झांसा दे की वारदात इन्दौर (ईएमएस) फॉरेक्स-क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर पचास से अधिक हाईप्रोफाइल महिलाओं और छोटे व्यापारियों से करीब ढाई करोड़ की ठगी के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसने किटी पार्टियों के जरिए शहर के कारोबारियों की पत्नियों और छोटे व्यापारियों को अपने जाल में फंसाया और 100 दिन में पैसा डबल करने का सपना दिखाकर इस ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार जिया वाधवानी निवासी बिजलीपुर और पच्चीस अन्य लोगों की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने विष्णुपुरी निवासी हरप्रीत कौर खनूजा उर्फ मोना, चंडीगढ़ के जसप्रीत उर्फ जस्सी, बेंगलुरु निवासी अनिरुद्ध दलवी, भोपाल के मुकेश तायड़े और जोसेफ समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। जिस पर जांच कार्रवाई करते कल क्राइम ब्रांच ने महिला हरप्रीत कौर उर्फ मोना को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस को शिकायत जांच के दौरान यहां पता चला कि उक्त आरोपियों ने छोटे व्यापारियों और कारोबारियों की पत्नियों को टारगेट बनाया था। इसके लिए हरप्रीत कौर खनूजा उर्फ मोना आलीशान किटी पार्टियों में पहुंचती थी और महिलाओं को फॉरेक्स व क्रिप्टो ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच देते दावा करती थी कि निवेश पर प्रतिदिन 2 प्रतिशत ब्याज मिलेगा और महज 100 दिन में रकम डबल हो जाएगी। इसके लिए उसने शुरुआत में कुछ लोगों को ब्याज देकर भरोसा जमाया, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग लालच में आकर रकम निवेश करें। आरोपियों ने कैश में ही रकम लेते थे दस लाख रुपए से अधिक रकम होने पर ही बैंक ट्रांजेक्शन की बात कही जाती थी, ताकि पूरे खेल का रिकॉर्ड कम से कम रहे। पुलिस के अनुसार पीड़ितों ने 19 सितंबर 2025 को क्राइम ब्रांच में शिकायत की थी। और करीब 9 महीने तक चली जांच के दौरान पुलिस ने बैंकिंग रिकॉर्ड, निवेश से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल सबूत जुटाए। इसके बाद 16 मई को केस दर्ज किया गया तथा कल हरप्रीत कौर के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उससे पूछताछ में पता चला कि इस पूरे नेटवर्क को वैध दिखाने के लिए यूएस बेस्ड एक फर्जी कंपनी बनाई गई थी। इंदौर में इस कंपनी को लॉन्च करने के बाद इससे लोगों को जोड़ने का काम वह ही करती थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा उनकी तलाश कर रही है। आनंद पुरोहित/ 24 मई 2026