:: इंदौर की पंढरीनाथ पुलिस ने 200 कैमरों के फुटेज और आंशिक नंबर 5742 से तलाशा नोटों से भरा बैग :: इंदौर (ईएमएस)। एक ठेला चालक की बेदाग नीयत और पंढरीनाथ पुलिस की मुस्तैदी से बर्तन व्यापारी का खोया हुआ रुपयों से भरा बैग सुरक्षित लौट आया। महज एक आंशिक नंबर 5742 के सहारे पुलिस ने 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर व्यक्ति की पहचान की। सेव-परमल का ठेला लगाने वाले राजू जायसवाल ने रास्ते में मिले इस बैग को पूरी अमानत के साथ सहेज कर रखा था, जिससे फरियादी मुकेश कुमार वाधवानी को अपनी 2.55 लाख रू. की नकद राशि यथावत मिल सकी। पुलिस उपायुक्त (जोन-4) सुनील मेहता के संपत्ति संबंधी मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश के बाद पुलिस टीम ने इस गुत्थी को सुलझाया। काटजू कॉलोनी निवासी व्यापारी मुकेश कुमार वाधवानी बीती 11 मई को घर से दुकान जा रहे थे, तभी नोटों से भरा उनका एक भूरे रंग का बैग रास्ते में कहीं गिर गया। काफी तलाश के बाद भी जब बैग नहीं मिला, तो उन्होंने पंढरीनाथ थाने में सूचना दी। थाना प्रभारी ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल के रूट के करीब 200 कैमरों के फुटेज खंगालने पर एक काले रंग की मोटरसाइकिल का चालक रास्ते से बैग उठाता दिखा, जिसका नंबर आंशिक रूप से 5742 नजर आया। पुलिस ने तकनीकी छानबीन कर संदिग्ध गाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया। :: विवाद के डर से मंदिर में रखा बैग :: पुलिस टीम संदेह के आधार पर जब लावारिया भेरू निवासी राजू जायसवाल के पास पहुँची, तो उन्होंने फौरन सच सामने रख दिया। राजू ने बताया कि किसी गलतफहमी या विवाद से बचने के लिए उन्होंने बैग को पास ही के एक मंदिर में सुरक्षित रख दिया था ताकि असली मालिक को सौंपा जा सके। राजू ने तत्काल मंदिर से बैग लाकर पुलिस के सुपुर्द किया। :: अनपढ़ ठेला चालक का सम्मान :: आजीविका के लिए दिन भर ठेला खींचने वाले राजू भले ही अनपढ़ हैं, लेकिन उन्होंने नैतिक मूल्यों की बड़ी मिसाल पेश की। थाना प्रभारी ने उनका सम्मान कर उन्हीं के हाथों व्यापारी को बैग सौंपवाया। पीड़ित व्यापारी ने राजू और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस सफलता में थाना प्रभारी सतीश पटेल, उपनिरीक्षक यतींद्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक रतन सिंह, आरिफ खान और आरक्षक जितेंद्र यादव की मुख्य भूमिका रही। प्रकाश/24 मई 2025