क्षेत्रीय
24-May-2026


खरगोन (ईएमएस)। जिले में अवैध हथियार खरीद-फरोख्त का मामला उजागर करते हुए पुलिस ने एक तस्कर को 4 देशी पिस्टल एवं एक देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह आरोपी मुर्शिदाबाद पश्चिम बंगाल का होकर हाल मुकाम इंदौर है। गिरफ्तार आरोपी ने सिगनुर से हथियार खरीदे थे, जिसे बस का इंतजार करते समय पुलिस ने धरदबोचा। जब्तशुदा हथियारों की कीमत 95 हजार रुपए आंकी गई है। भीकनगांव थाना पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 23 मई को चौकी बमनाला ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम ललनी में पोई फाटा प्रतिक्षालय पर घेराबंदी की। यहां निगरानी रखी गई। इसी दौरान एक संदिग्ध पीठ पर काला रंग का बैग लिये प्रतिक्षालय पर बैठा नजर आया। घेराबंदी कर पकड़े गए, युवक ने अपना नाम आमिनूल इस्लाम पिता साजाहान अली निवासी काशीमनगर नुतनपारा रायपुर थाना हरीहरपारा, जिला मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल हाल मुकाम देवास नाका निपानिया इंदौर का होना बताया। बैग को चेक करने पर उसमें 4 देशी पिस्टल एवं 1 देशी कट्टा मिला। आमिनूल से पुलिस ने 95 हजार रुपए कीमत के अवैध हथियारों के साथ ही एक मोबाइल फोन जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है। आमिनूल ने पुलिस को बताया है कि इंदौर में काम करने के दौरान उसकी पहचान ग्राम टेमरनी के युवक से हुई, जिसने सिकलीगर से उसे उक्त अवैध हथियार उपलब्ध कराएं है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी। ईएमएस / दिनांक 24/5/026