:: जल गंगा संवर्धन अभियान : डेढ़ करोड़ की लागत से बनेगा छठ पूजन घाट और भव्य प्रवेश द्वार, जुटेंगे शहर के दिग्गज :: इंदौर (ईएमएस)। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गंगा दशमी के पावन पर्व पर आज (25 मई) सुबह 8 बजे अन्नपूर्णा तालाब के जीर्णोद्धार, जलाशय पूजन और विकास कार्यों का भूमि पूजन किया जाएगा। जल संरक्षण, धार्मिक आस्था और जल संरचनाओं के पुनर्जीवन की दिशा में इसे नगर निगम का एक बड़ा कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। जलकार्य प्रभारी अभिषेक बबलू शर्मा ने बताया कि इस गरिमामय समारोह में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी और क्षेत्रीय विधायक मधु वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। अन्नपूर्णा क्षेत्र की इस ऐतिहासिक जल संरचना के कायाकल्प के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपए की कार्ययोजना तैयार की गई है। इस पूरी परियोजना के तहत तालाब परिसर में एक आकर्षक छठ पूजन घाट और भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही तालाब का गहरीकरण, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं का विकास भी इस कार्य में शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक, मानसून से ठीक पहले शुरू हो रहे इन कार्यों से तालाब के जलस्तर और जलधारण क्षमता में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। इस पहल से न सिर्फ स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि त्योहारों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह परिसर सर्वसुविधायुक्त और सुंदर नजर आएगा। प्रकाश/24 मई 2025