ग्वालियर ( ईएमएस ) । नगर निगम ग्वालियर द्वारा ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वार्ड क्रमांक 18 अंतर्गत दीनदयाल नगर, आदित्यपुरम सहित आसपास के कई क्षेत्रों में वर्षों से बनी जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए 2 करोड़ 71 लाख रुपए की लागत से चार नए नालों का निर्माण कराया जाएगा। इन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन सांसद भारत सिंह कुशवाहा, विधायक डॉ सतीश सिंह सिकरवार, महापौर डॉ शोभा सतीश सिंह सिकरवार एवं क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती रेखा त्रिपाठी सहित अन्य अतिथियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, क्षेत्राधिकारी राजेश भदौरिया, नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती रेखा त्रिपाठी द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर सांसद श्री भारत सिंह कुशवाहा ने कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन नालों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। विधायक डॉ सतीश सिंह सिकरवार ने कहा कि ग्वालियर पूर्व विधानसभा में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। क्षेत्र की जनता की मांग और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना स्वीकृत कराई गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद जल निकासी व्यवस्था पहले से अधिक बेहतर होगी। महापौर डॉ शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करना निगम की प्राथमिकता है और इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। इन स्थानों पर बनेंगे नाले वार्ड 18 में जल भराव की समस्या के स्थाई निराकरण के लिए नगर निगम ग्वालियर द्वारा 2 करोड़ 71 लाख की लागत से नाला निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें रिलायंस पेट्रोल पंप से दंडोतिया मार्केट तक 81 लाख 46 हज़ार का , दूसरा नाला सेंट्रल एकेडमी से होली चाइल्ड स्कूल तक 26 लाख 69 हजार रुपए का, तीसरा नाला आदित्याज होटल से आई ए टी एस स्कूल तक 71 लाख 65 हजार का एवं चौथा नाला दीनदयाल नगर सी सेक्टर से ई सेक्टर तक 85 लाख 57 हजार का निर्माण कार्य कराया जा रहा है जिसका भूमि पूजन आज किया है।