- जिला अस्पताल में चल रहा घायलों का उपचार, रैफर युवक ने निजी अस्पताल में तोड़ा दम खरगोन (ईएमएस)। जिले के ग्राम बिलखेड़ में एक परिवार के बीच जमीन विवाद को लेकर चल रही रंजिश खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। शनिवार शाम दो पक्षों में चल रहा विवाद गहरा गया और देखते ही देखते तीर-कमान, तलवार और लाठियों से किए गए हमले में 9 लोग लहुलूहान हो गए। इसमें एक की दर्दनाक मौत हो गई। 8 घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायलों में एक महिला भी शामिल है। विवाद पारिवारिक होकर जमीन कब्जे को लेकर था। अस्पताल में उपचाररत कालू पिता बच्छू जमरे ने बताया कि जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पूर्व में बंटवारा भी हो चुका है। बावजूद इसके और अधिक जमीन की चाह में विवाद हो रहा है। शनिवार को दूसरे पक्ष ने खेत में रखी लकडिय़ां जला दी, जिसका विरोध करने पर हमलावर हो गए। पिता की मौत दो बेटे और पत्नि गंभीर हमले में घायल दशरथ पिता बच्छू ने बताया कि हमलावर जान से मारने की नियत से आए थे। जानलेवा वार से मेरे बेटे अड़ता की मौत हो गई। हमले में अड़ता के दो बेटे सूरज अड़ता और परम अड़ता गंभीर के साथ ही अड़ता की पत्नि मसरीबाई गंभीर रुप से घायल हो गए। परम का आईसीयू में उपचार चल रहा है। अस्पताल से मिली जानकारी अनुसार राकेश रणत्या भी घायल हुए है। मुकेश पिता दशरथ जमरे की हालत बिगडऩे पर शनिवार रात रैफर कर दिया गया। मिली जानकारी अनुसार मुकेश को परिजन रैफर करने के बाद शहर के ही निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। चैनपुर थाना और हेलापड़ावा पुलिस ने विवाद स्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। हेलापड़ावा चौकी प्रभारी रमेश गहलोत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया प्राथमिक जांच में मामला जमीन के आपसी विवाद का सामने आया है। शनिवार रात को दोनों पक्षों में इसी बात को लेकर हिंसक झड़प हुई। एक पक्ष से 3 लोग और दूसरे पक्ष से 7 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ईएमएस / दिनांक 24/5/026