इन्दौर (ईएमएस) एक दर्दनाक हादसे में साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे की पानी की टंकी में गिरकर डूबने से मौत हो गई। हादसा खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम जामनिया खुर्द में हुआ। मृतक मासूम का नाम हार्दिक (अनमोल) पिता ललित लोवंशी है घर के बाहर खेलते-खेलते पानी की खुली टंकी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसा कल शाम को उस समय हुआ जब हार्दिक घर के बाहर खेल रहा था, तभी वह अचानक पानी की टंकी में गिर गया। जब हार्दिक बहुत देर तक दिखाई नहीं दिया तो उसकी मां ने परिजनों के साथ उसे ढूंढना शुरू किया और उनकी नजर खुली पानी की टंकी पर पड़ी तो हार्दिक पानी में दिखाई दिया। परिजन उसे निकाल तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 24 मई 2026