24-May-2026
...


- सूबे में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने आधी रात को मैदान में उतरे 2500 पुलिसकर्मी, ड्रग्स-हथियार और अवैध शराब भी जब्त भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश में अपराधियों, फरार वारंटियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशव्यापी कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात से शुरू होकर सुबह तक चली इस विशेष कार्रवाई में प्रदेशभर के 2500 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मुस्तैदी से मैदान में उतरे। इस राज्यव्यापी अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न जिलों में रिकॉर्ड 2100 से अधिक वारंट तामील कराए और वारंटियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान सूचीबद्ध बदमाशों, गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों और जिला बदर अपराधियों की धरपकड़ व चेकिंग की गई। इसके साथ ही आबकारी एक्ट, जुआ-सट्टा, अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भी चौतरफा कार्रवाई की गई। - ग्वालियर और चंबल अंचल में बड़ी धरपकड़ ग्वालियर पुलिस ने रातभर में 249 फरार वारंटियों (121 स्थायी और 128 गिरफ्तारी वारंट) को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 303 गुंडों व हिस्ट्रीशीटरों की जांच की गई। वहीं मुरैना में 73 स्थायी और 63 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 150 अपराधियों को दबोचा गया। यहां थाना पहाड़गढ़ पुलिस ने 44 हजार रुपए कीमत की 8 पेटी अवैध देशी शराब भी जब्त की। :: मालवा-निमाड़ में शिकंजा, ड्रग्स बरामद :: मंदसौर पुलिस ने 109 वारंटियों को गिरफ्तार करने के साथ ही बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ पकड़े। थाना शामगढ़ पुलिस ने 68 ग्राम एमडी ड्रग तथा थाना नाहरगढ़ पुलिस ने एक कार से 65 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया। उज्जैन में 200 वारंट तामील किए गए और हत्या व प्रयास जैसे गंभीर मामलों में फरार 4 आरोपियों को रात्रिकालीन दबिश देकर दबोचा गया। खंडवा में 144, खरगोन में 87 और शाजापुर में 150 वारंटियों पर कार्रवाई की गई। :: महाकौशल और बुंदेलखंड में दबिश :: जबलपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 120 स्थाई वारंट एवं 71 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 191 वारंट तामील किए। टीकमगढ़ में दो दिवसीय मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन के तहत कुल 467 वारंट तामील कराए गए। इसके अलावा सिवनी में भी 103 वारंटियों को गिरफ्तार कर निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई। :: विदिशा में 720 ठिकानों पर रेड :: मध्य क्षेत्र के विदिशा जिले में पुलिस ने एक साथ 720 ठिकानों पर दबिश देकर कॉम्बिंग ऑपरेशन संचालित किया। अभियान के दौरान 297 वारंट तामील किए गए, जबकि 201 बदमाशों के ठिकानों पर रेड मारकर 11 जिला बदर अपराधियों की सघन जांच की गई। प्रदेशभर में संचालित इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय उत्पन्न करना, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण मजबूत करना है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार अपराधियों के खिलाफ यह प्रभावी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। प्रकाश/24 मई 2025