क्षेत्रीय
24-May-2026


देवास (ईएमएस)। श्री खेड़ापति मारुति मंदिर में ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगलवार पर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। महात्मा गांधी मार्ग स्थित मंदिर में 26 मई को भगवान हनुमान का विशेष आकर्षक श्रृंगार 21 क्विंटल तरबूजों से किया जाएगा। इस अवसर पर भव्य महाआरती भी आयोजित होगी। मंदिर के पुजारी पंडित दर्शन उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष ज्येष्ठ माह में 8 बड़े मंगलवार पड़ रहे हैं। प्रत्येक मंगलवार को बाबा का विशेष श्रृंगार कर महाआरती की जा रही है। चौथे बड़े मंगलवार को विशेष रूप से 21 क्विंटल तरबूजों से मंदिर सजाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां श्रृंगार आकर्षक श्रंगार गुरुवार तक रहेगा। उन्होंने बताया कि सभी तरबूजों का वितरण शुक्रवार को गौशाला में किया जाएगा, ताकि गौसेवा का पुण्य कार्य भी संपन्न हो सके। साथ ही आगामी मंगलवार में फलों के राजा आम से भी बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। ईएमएस / 24/05/2026