राज्य
24-May-2026
...


:: हरिधाम आश्रम में रामकथा के दौरान उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब; हनुमत महायज्ञ में अब तक दी जा चुकी हैं 3.20 लाख आहुतियाँ, आज मनेगा श्रीराम जन्मोत्सव :: इंदौर (ईएमएस)। “मन की पवित्रता के बिना की गई भक्ति कभी सार्थक नहीं हो सकती। हम चाहे लाख बार मंदिर चले जाएं या घंटों पूजा-पाठ कर लें, लेकिन यदि मन में शुद्धता और दूसरों के प्रति सम्मान का भाव नहीं है, तो हमारे सारे प्रयास व्यर्थ हैं। धर्म और सनातन संस्कृति ही मानव उत्थान का एकमात्र मार्ग हैं।” यह प्रेरक विचार श्रीधाम वृन्दावन के प्रख्यात कथाकार पं. श्रीराम प्रपन्नाचार्य महाराज ने व्यक्त किए। वे हवा बंगला, कैट रोड स्थित हरिधाम आश्रम पर आयोजित श्रीराम कथा के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। रविवार शाम को कथा के दौरान शिव-पार्वती विवाह के प्रसंग की संगीतमय व्याख्या की गई, जिसे सुनकर श्रोता भावविभोर हो गए। :: श्रद्धा और विश्वास का समन्वय है शिव-पार्वती विवाह :: आचार्य प्रपन्नाचार्य महाराज ने शिव-पार्वती विवाह की महिमा बताते हुए कहा कि शिव साक्षात श्रद्धा हैं और माता पार्वती विश्वास का स्वरूप हैं। जीवन की गाड़ी इन दोनों पहियों के बिना नहीं चल सकती। भगवान शिव तो सच्चे भोले भंडारी हैं, जो केवल जल अर्पण करने से ही प्रसन्न हो जाते हैं; उन्हें किसी छप्पन भोग या मेवा-मिष्ठान की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने आगे कहा कि श्रीराम का आचरण संपूर्ण निर्दोषता का प्रतीक है। जीवन में विनम्रता का होना अनिवार्य है, क्योंकि किसी को प्रणाम करने से न केवल अहंकार नष्ट होता है, बल्कि बुद्धि भी शुद्ध होती है। :: आज धूमधाम से मनेगा श्रीराम जन्मोत्सव :: आश्रम के अधिष्ठाता महंत शुकदेवदास महाराज के सानिध्य में रविवार को व्यास पीठ का पूजन किया गया। पूजन करने वालों में डॉ. सुरेश चोपड़ा, ललित अग्रवाल, राऊ के एसडीएम गोपाल वर्मा, बालकृष्ण छाबछरिया, संतोष कुमार सिंह, सुधीर अग्रवाल और विजय सिंह राणा शामिल थे। अतिथियों का स्वागत ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय अग्रवाल व सीताराम नरेडी ने किया। कथा प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक आयोजित की जा रही है, जिसमें वृन्दावन के भजन गायकों की प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। सोमवार को कथा में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव प्रसंग अत्यंत धूमधाम से मनाया जाएगा। :: महायज्ञ में गूंजा महामंत्र, विश्व शांति की कामना :: हरिधाम आश्रम परिसर में निर्मित भव्य यज्ञशाला में यज्ञाचार्य पं. ललित पाठक के निर्देशन में हनुमत महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। रविवार सुबह 51 विद्वानों और यजमानों ने कवन सो काज कठिन जग माही, जो नहीं होइ तात तुम पाहीं महामंत्र के साथ विश्व शांति, जन कल्याण और राष्ट्र में सद्भाव की कामना से आहुतियाँ समर्पित कीं। यहाँ प्रतिदिन 1 लाख 60 हजार आहुतियाँ दी जा रही हैं। यज्ञ के दूसरे दिन तक कुल आहुतियों की संख्या 3 लाख 20 हजार पार हो चुकी है। यह महायज्ञ प्रतिदिन सुबह 8 से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित हो रहा है। रविवार से श्रद्धालुओं के लिए यज्ञशाला की परिक्रमा भी प्रारम्भ हो गई है। प्रकाश/24 मई 2025 संलग्न चित्र - इंदौर। हवा बंगला कैट रोड स्थित हरिधाम पर शनिवार से प्रारम्भ हुए हनुमत महायज्ञ में आहुतियाँ समर्पित करते यजमान एवं विद्वान।