बालाघाट (ईएमएस). जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। खनिज अमले द्वारा दो अलग-अलग स्थानों पर कार्यवाही करते हुए तीन ट्रैक्टर ट्रालियों को जब्त किया गया है। खनिज निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल, खनि सिपाही दिलशाद कुरैशी द्वारा तहसील कटंगी के ग्राम भजियापार में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की जांच की गई। जांच के दौरान ग्राम भजियापार में ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 50 एए 3244 को अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक राजेश पिता राजकुमार राउत निवासी ग्राम भजियापार, तहसील कटंगी, जिला बालाघाट बताया गया। उक्त ट्रैक्टर को रेत सहित जप्त कर थाना कटंगी की अभिरक्षा में रखा गया है। इसी तरह 23 मई की रात्रि में तहसील कटंगी के ग्राम बाहकल में कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 50 एए 4736 को अवैध रेत परिवहन करते हुए जप्त किया गया। वाहन मालिक का नाम दिनेश पिता नेतलाल बताया गया है। इस वाहन को भी थाना कटंगी की अभिरक्षा में रखा गया है। इसी तरह खनिज अमले द्वारा तहसील बालाघाट अंतर्गत ग्राम खुरसोडी में छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 50 एए 5107 से सलंग्न ट्रॉली में अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पाया गया। वाहन चालक प्रकाश पिता पवन लिल्हारे निवासी नैतरा के पास खनिज रेत परिवहन संबंधी कोई वैध अनुमति अथवा रॉयल्टी दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। खनिज विभाग द्वारा विधि अनुसार उक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं रेत को जप्त कर थाना नवेगांव की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग द्वारा बताया गया कि तीनों ही प्रकरणों में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। भानेश साकुरे / 24 मई 2026