24-May-2026
...


हरदा (ईएमएस)। सात दिवसीय रमन रोमांच व्यक्तित्व विकास शिविर का समापन रविवार को हुआ। इस अवसर पर शिविर में भाग लेने वाले बच्चों के साथ उनके अभिभावकों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन, दीप प्रज्वलन एवं शिविर की बालिका अक्षिती दुबे द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके बाद स्वाति गुरु ने सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित गतिविधियों का प्रस्तुतिकरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी एवं शिक्षाविद् डॉ. विनीता रघुवंशी ने की।मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. राजेंद्र उपाध्याय उपस्थित रहे। शिविर के दौरान बच्चों को प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों नेहा बाफना, कोमल सिंह राजपूत, राजेश बिलिया, स्वाति मुकाती, पवन मोरछले एवं कलाग्रह टीम के योगदान की विशेष सराहना की गई। उनके इस समर्पण और उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें सम्मान स्वरूप प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके पश्चात शिविर में भाग लेने वाले सभी बच्चों को भी प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर ज्ञानेश चौबे एवं मीरा शर्मा ने अपने प्रेरणादायी विचार साझा करते हुए कहा कि बच्चों के भीतर असीम संभावनाएँ और प्रतिभाएँ छिपी होती है। शिविर के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने के लिए गोपेश चन्देवा, शिवानी जोहरा एवं प्रीतम देवड़ा को सम्मानित किया। इस दौरान समाजसेवी रामशंकर मुकाती ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास केवल शिक्षा तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच भी उतनी ही आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन कपिल दुबे ने किया। ईएमएस/मोहने/ 24 मई 2026