देवास (ईएमएस)। शहर बालगढ़ क्षेत्र के होनहार युवा कपिल मोदी ने अपनी मेहनत और संघर्ष के दम पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में चयनित होकर परिवार, समाज और पूरे शहर का नाम रोशन किया है। रोजगार मेले के अंतर्गत राजकोट में आयोजित कार्यक्रम में कपिल मोदी को जॉइनिंग लेटर प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि के बाद बालगढ़ क्षेत्र सहित पूरे देवास में खुशी का माहौल है। कपिल मोदी के पिता स्वर्गीय संजय मोदी का निधन उनके बचपन में ही हो गया था। इसके बाद उनकी माता संध्या मोदी ने कठिन परिस्थितियों में परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए बेटे को उच्च शिक्षा दिलाई और आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। संघर्ष और मेहनत का ही परिणाम है कि आज कपिल मोदी का चयन आरपीएफ में हुआ है। विशेष बात यह भी है कि कपिल की बड़ी बहन का चयन वर्ष 2023 में बीएसएफ में हुआ था। ऐसे में एक ही परिवार के दो बच्चों का देश सेवा से जुड़े प्रतिष्ठित सुरक्षा बलों में चयन होना पूरे मोदी समाज के लिए गर्व का विषय बन गया है। मोदी समाज द्व अध्यक्ष चिंतामण पटेल ने कपिल मोदी की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि समाज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। समाजबंधुओं एवं क्षेत्रवासियों ने कपिल और उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्रीय पार्षद राजा अकोदिया ने कहा कि कपिल मोदी ने बालगढ़ का नाम गौरवान्वित किया है। उनके देवास आगमन पर क्षेत्रवासियों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। ईएमएस / 24/05/2026