राज्य
24-May-2026
...


:: समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कार पहुँचाना ही हमारा परम लक्ष्य : राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश कोठारी इंदौर (ईएमएस)। अखिल भारतीय जैन श्वेताम्बर सोशल ग्रुप फेडरेशन के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश कोठारी सहित नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का भव्य शपथ विधि समारोह रविवार को यहाँ लता मंगेशकर ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रसिद्ध समाजसेवी एवं उद्योगपति जयसिंह जैन ने समाज की एकता और सेवा पर बल देते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब समाज के समृद्ध लोगों को आगे आकर अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और संस्कार आधारित स्थायी प्रकल्पों (projects) को पहुँचाना होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस तरह के कार्यों के लिए समाज का संपन्न वर्ग हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है। नवकार महामंत्र, स्वागत गान और भगवान महावीर स्वामी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों जैसे मालवा, निमाड़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से आए फेडरेशन के प्रतिनिधि सपरिवार शामिल हुए। विभिन्न वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नए अध्यक्ष कमलेश कोठारी और आगामी अध्यक्ष (President Elect) नरेन्द्र भंडारी को उनके वर्ष 2028 तक के कार्यकाल के लिए पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश कोठारी ने अपने संकल्पों को दोहराते हुए कहा, अध्यक्ष का पद केवल एक रत्नजड़ित ताज नहीं, बल्कि सेवा, कठिन परिश्रम और उत्तरदायित्व की जिम्मेदारी है। हमारा मुख्य फोकस समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की मदद करना, मानव सेवा और इसके साथ ही युवाओं व मातृशक्ति के लिए विशेष कल्याणकारी कार्यक्रम शुरू करना है। समारोह में नवनियुक्त कार्यकारिणी के अन्य प्रमुख पदाधिकारियों ने भी समाजसेवा की शपथ ली, जिनमें मुख्य रूप से कार्याध्यक्ष गौतम मूणत, चेयरमैन अखिल चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रितेश कटकानी, सुनील मारवाड़ी, निर्मल पगारिया, नीरज जैन, और कोषाध्यक्ष सीए विनोद जैन शामिल हैं। इस गरिमामय समारोह में उद्योगपति महेश गुप्ता, समाजसेवी कैलाश नाहर, निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जिनेश्वर-शोभा जैन, मप्र गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन की धर्मपत्नी चंदा जैन, पूर्व कुलपति डॉ. नरेन्द्र धाकड़ सहित समाज के सभी प्रमुख संगठनों के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि पिछले 31 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को आगे बढ़ाते हुए नई टीम समाज हित में कई ठोस और नए आयाम स्थापित करेगी। प्रकाश/24 मई 2025