क्षेत्रीय
24-May-2026
...


साकड़ी-सेलवटपार मार्ग पर हादसा, संकरी पुलिया बनी जानलेवा घटना के बाद पिकअप चालक फरार बालाघाट (ईएमएस). जिले के रामपायली थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर हुए भीषण सडक़ हादसे में एक दंपती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका 10 वर्षीय भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा साकड़ी और सेलवटपार के बीच स्थित एक संकरी पुलिया पर हुआ, जहां अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक कार्यवाही कर मामले को जांच में लिया है। जानकारी के अनुसार साकड़ी निवासी धनीराम गाड़ेकर अपनी पत्नी अनिता गाड़ेकर और घर आए 10 वर्षीय भांजे दिलीप के साथ कपड़े खरीदने डोंगरमाली जा रहे थे। रविवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच साकड़ी-सेलवटपार मार्ग पर स्थित नाले की पुलिया पर एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पत्नी की मौके पर तो पति ने अस्पताल लाते समय तोड़ा दम टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सहित पुलिया से नीचे जा गिरे। हादसे में अनिता गाड़ेकर के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं धनीराम गाड़ेकर ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल दिलीप को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद मचा हडक़ंप हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और रामपायली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल वारासिवनी में पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। विधायक ने जताया दुख, सडक़ चौड़ीकरण की मांग घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक विवेक पटेल अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई है, वह मार्ग बेहद संकरा है और पुलिया भी नीचे है, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने वारासिवनी-कोस्ते-मेंढकी से डोंगरमाली मार्ग के चौड़ीकरण की मांग शासन से दोहराई। अज्ञात वाहन की तलाश जारी रामपायली थाना प्रभारी धर्मराज सिंह बघेल ने बताया कि अज्ञात पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। भानेश साकुरे / 24 मई 2026