क्षेत्रीय
24-May-2026
...


गला दबाकर और डंडे से वार कर उतारा मौत के घाट बालाघाट (ईएमएस). जिले के मलाजखण्ड थाना क्षेत्र में हुई एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि शराब पीने के लिए रुपये नहीं देने पर पति ने ही अपनी पत्नी की गला दबाकर और डंडे से वार कर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार घटना 21 मई को ग्राम बाकीगुड़ा, थाना मलाजखण्ड क्षेत्र की है। एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एफएसएल एवं फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। शव का पोस्टमार्टम कराने पर रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला दबाने से दम घुटने और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतिका के पति केशव धुर्वे से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी केशव धुर्वे (50) ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए रुपये मांगे थे। रुपये नहीं देने पर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि उसने गुस्से में आकर पत्नी का गला दबा दिया और पास में पड़े लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को कमरे में बिस्तर पर लिटा दिया, ताकि घटना को सामान्य मौत का रूप दिया जा सके और किसी को संदेह न हो। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और अन्य सामग्री जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। इस हत्याकांड का खुलासा करने में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह जौनवार, उपनिरीक्षक मनोज मांगरे, सउनि कलिराम उइके, सउनि सुलेखा मरकाम, प्रधान आरक्षक रतन सोनवाने, आरक्षक ब्रजलाल उइके, जितेन्द्र सेंगर, सामुएल कलेत, तोषेन्द्र एवं गणेश मेहरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। भानेश साकुरे / 24 मई 2026