24-May-2026
...


देवास (ईएमएस)। देवास-जैतपुरा मार्ग पर रविवार सुबह सेंट्रल इंडिया स्कूल के सामने एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 20 से 25 यात्री सवार थे। स्टेयरिंग लॉक होने से यह घटना हुई। दुर्घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। यह बस देवास बस स्टैंड से बड़वाह के लिए जा रही थी। सुबह करीब 9.30 बजे जैतपुरा के पास सेंट्रल इंडिया स्कूल के सामने बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के बाद बस के आगे के शीशे टूट गए। कई यात्री टूटे हुए शीशों और खिड़कियों के रास्ते बाहर निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बस से बाहर निकालने में मदद की। तीन घायल यात्रियों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई, क्योंकि उन्हें गंभीर चोटें नहीं आई थीं। घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सडक़ से हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। ईएमएस / 24/05/2026