राज्य
24-May-2026
...


:: 76वें पाद पूजन महोत्सव पर देश-विदेश से जुटे भक्तों ने मालवी पगड़ी पहनाकर किया आत्मीय अभिनंदन :: इंदौर (ईएमएस)। निपान्या स्थित अंतर्राष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) मंदिर इंदौर के अध्यक्ष स्वामी महामनदास प्रभु को संत शिरोमणि अलंकरण से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें बायपास स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित उनके 76वें पाद पूजन महोत्सव के भव्य समारोह में प्रदान किया गया, जहाँ देश-विदेश से आए सैकड़ों भक्तों ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया। समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल, हरि अग्रवाल, अशोक गोयल, श्रीनिकेतनदास, किशोर गोयल, संजय लड्ढा और अद्विधरण प्रभु सहित कई गणमान्य जनों ने स्वामी जी को शॉल, श्रीफल, माला और पारंपरिक मालवी पगड़ी पहनाकर स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस पाद पूजन महोत्सव में देश के कोने-कोने जैसे कटक, सिलीगुड़ी, देहरादून, छिंदवाड़ा, रीवा, सागर, बुरहानपुर, शुजालपुर आदि शहरों और विदेशों से 700 से अधिक शिष्य शामिल हुए। इस अवसर पर इस्कॉन से जुड़े कृष्णाचन्द्र प्रभु, प्राणेश्वर प्रभु, अच्युत गोपाल प्रभु, विशाल प्रभु, डॉ. लक्ष्मण दास, गिरधरगोपाल दास, महाकालेश्वर प्रभु और रणवीर प्रभु ने स्वामी महामनदास के जीवन से जुड़े कई प्रेरक प्रसंग और संस्मरण सुनाए। भक्त मंडल की ओर से डॉ. निर्मल नरेडी, विनय जैन एवं मुरलीधर धमानी ने भी स्वामी जी का आत्मीय स्वागत किया। :: लंदन की वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक से मिल चुका है सम्मान :: स्वामी महामनदास प्रभु ने इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद से दीक्षा प्राप्त की है। अध्यात्म और धर्म की राह पर शिष्यों को प्रशिक्षित करने और उन्हें सही मार्ग दिखाने के उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए हाल ही में उन्हें लंदन की वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक ऑफ एक्सीलेंस द्वारा विशेष अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। महामनदास प्रभु वर्तमान में इस्कॉन इंडिया के वाइस चेयरमैन होने के साथ-साथ इस्कॉन के उत्तर भारत के जोनल सचिव का महत्वपूर्ण दायित्व भी संभाल रहे हैं। इस भव्य कार्यक्रम का सफल संचालन अद्विधरण प्रभु एवं कृष्णादेवी दासी ने किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन श्रीनिकेतन दास द्वारा किया गया। प्रकाश/24 मई 2025 संलग्न चित्र - इंदौर। इस्कॉन इंदौर के अध्यक्ष स्वामी महामनदास प्रभु को संत शिरोमणि अलंकरण प्रदान करते वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल, हरि अग्रवाल एवं अन्य।