:: इंदौर फिलेटेलिक एवं इंदौर न्यूमिस्मेटिक सोसायटी की संयुक्त मासिक सभा संपन्न, सुधीर जैन को फिलेटेलिक ज्ञान रत्न सम्मान :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर फिलेटेलिक एवं इंदौर न्यूमिस्मेटिक सोसायटी की संयुक्त मासिक सभा रीगल चौराहा स्थित इंडियन कॉफी हाउस पर संपन्न हुई। इस विशेष सभा में विश्व के पहले डाक टिकट पैनी ब्लैक का प्रदर्शन किया गया और महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के वर्ष 1966 के सिक्के के बारे में भी अत्यंत दिलचस्प चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रसिद्ध डाक टिकट संग्राहक लायन सुधीर जैन का सम्मान कर उन्हें इंदौर फिलेटेलिक ज्ञान रत्न सम्मान से नवाजा गया। कार्यकारी अध्यक्ष राजेश शाह ने बताया कि सभा में मुख्य संरक्षक एवं मुद्रा शास्त्री गिरीश शर्मा आदित्य ने सतना से आए सुधीर जैन की राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धियां बताते हुए उनका सम्मान किया, जबकि सम्मानपत्र का वाचन शिवम चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान अध्यक्ष रवीन्द्रनारायण पहलवान ने एलिजाबेथ द्वितीय के 1966 में जारी सिक्के की ऐतिहासिक जानकारियां साझा कीं, वहीं लक्ष्मीकांत जैन ने विश्व के पहले डाक टिकट पैनी ब्लैक का जीवंत प्रदर्शन किया। इसके साथ ही आर्यन रामचंदानी ने विशेष आवरण के अनूठे संकलन को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में सुधीर जैन, मुकेश पाटीदार और सुरेन्द्र मेहता द्वारा उपस्थित सदस्यों को उपहार भी भेंट किए गए। सोसायटी की गतिविधियों को विस्तार देते हुए इस अवसर पर तीन विशेष थिमेटिक ग्रुप्स का गठन किया गया। इसमें आईपीएस जैनिज्म थिमेटिक ग्रुप का चेयरमैन जयंत डोसी को, आईपीएस रोटरी थिमेटिक ग्रुप का चेयरमैन आलोक खादीवाला को और आईपीएस हिन्दू माइथोलॉजी थिमेटिक ग्रुप का चेयरमैन डॉ. मुकेश पाटीदार को मनोनीत किया गया। सभा में नील-मनीषा जैन को भी विशेष बधाइयाँ दी गईं। इस गरिमामय कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यकारी अध्यक्ष राजेश शाह ने किया। प्रकाश/24 मई 2025