24-May-2026
...


- शादी के विवाद ने लिया हिंसक रूप - दुल्हन के परिजन घायल, वाहन में की तोडफ़ोड़ बालाघाट (ईएमएस). जिले के भरवेली थाना क्षेत्र में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दुल्हन और उसके परिजनों पर जंगल में हमला कर दिया गया। करीब एक दर्जन हमलावरों ने वाहन रोककर लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार घटना जोधीटोला के जंगल की है, जहां दुल्हन अपने मायके पक्ष के साथ लौट रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे करीब एक दर्जन लोगों ने उनका वाहन रोक लिया और हमला कर दिया। हमलावरों ने करीब एक घंटे तक उत्पात मचाते हुए मारपीट की और वाहन में तोडफ़ोड़ भी की। हमले में दुल्हन के जीजा दशरथ कावरे, बड़े पिता पेंढारीलाल पांचे, रिश्तेदार रमेश पांचे, नवीन चौधरी और भादलाल पांचे घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शादी के विवाद से जुड़ा मामला बताया जा रहा है कि यह हमला 22 मई को हुए विवाह समारोह के दौरान हुए विवाद का परिणाम है। हट्टा थाना क्षेत्र के खोड़सिवनी निवासी निया का विवाह जोधीटोला निवासी अक्षय मात्रे से हुआ था। शादी के दौरान भोजन को लेकर दूल्हा पक्ष और ग्रामीणों के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। 23 मई को रिसेप्शन कार्यक्रम के बाद रविवार सुबह दुल्हन अपने परिजनों के साथ वापस लौट रही थी, तभी रास्ते में इस घटना को अंजाम दिया गया। दुल्हन के अनुसार हमलावरों ने अचानक वाहन रोककर हमला किया और परिजनों के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद वह और उसका परिवार दहशत में हैं। पुलिस जांच में जुटी भरवेली थाना प्रभारी भूपेन्द्र पंद्रो ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों का इलाज जारी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भानेश साकुरे / 24 मई 2026