24-May-2026
...


- 42-43 डिग्री तापमान के बीच घटना, डिहाइड्रेशन की आशंका बालाघाट (ईएमएस). जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच मोती उद्यान में रविवार को करीब 12 चमगादड़ों की मौत हो गई। इस घटना ने वन्यजीव प्रेमियों और आम लोगों में चिंता बढ़ा दी है। हालांकि मौत की असली वजह का खुलासा अभी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। जानकारी के अनुसार, मोती तालाब क्षेत्र में अचानक बड़ी संख्या में चमगादड़ों के मृत पाए जाने से हडक़ंप मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी। बढ़ती गर्मी के बीच हुई इस घटना ने वन्यजीवों पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पशु चिकित्सक डॉ. घनश्याम परते ने बताया कि मृत चमगादड़ों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट हो पाएगा। जिले में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिसका सीधा असर पक्षियों और वन्यजीवों पर पड़ रहा है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि बढ़ते तापमान के कारण पानी भी गर्म हो गया है, जिससे डिहाइड्रेशन की स्थिति बनने के कारण उनकी मौत हो गई। लोगों में दहशत, संक्रमण की चिंता घटना के बाद मोती उद्यान में सैर करने आने वाले लोग भी सहमे हुए हैं। लोगों को संक्रमण फैलने और स्वास्थ्य पर इसके संभावित असर की चिंता सता रही है। विदित हो कि करीब दो साल पहले बिरसा क्षेत्र में बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मौत हुई थी। जांच रिपोर्ट का इंतजार फिलहाल, चमगादड़ों की मौत के असली कारण का खुलासा विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना बढ़ते तापमान का असर भी हो सकती है, लेकिन अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। भानेश साकुरे / 24 मई 2026