:: कलेक्ट्रर शिवम वर्मा की दो टूक- बिना वैध लाइसेंस के इंदौर में नहीं चलेगा खाद्य कारोबार, गड़बड़ी दिखने पर हेल्पलाइन पर करें शिकायत :: इंदौर (ईएमएस)। ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर पेय पदार्थों और खुले बाजारों में बिकने वाली खाद्य सामग्रियों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्ट्रर शिवम वर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में, एक शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने ग्राम टिकरिया राव स्थित एक्वा विंग पैकेज ड्रिंकिंग वॉटर प्लांट पर औचक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान मौके पर यश प्रेमचंदानी उपस्थित मिले। जांच में सामने आया कि प्रिंटिंग मशीन खराब होने की वजह से पानी की बोतलों पर बैच नंबर और निर्माण व उपयोग (मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी) से जुड़ी अनिवार्य जानकारियां अंकित नहीं की जा रही थीं। नियमों के इस गंभीर उल्लंघन पर अधिकारियों ने पानी के नमूने जांच के लिए भेजे और बिना बैच व दिनांक वाली 1040 बोतलें मौके पर ही जब्त कर लीं। इसके साथ ही प्रिंटिंग मशीन दोबारा चालू होने तक प्लांट का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है। कलेक्ट्रर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया है कि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य-पेय पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जहाँ कई प्रतिष्ठानों के पास या तो वैध खाद्य लाइसेंस (FSSAI) और पंजीयन नहीं है, या फिर उनका लाइसेंस उनके कारोबार की प्रकृति से मेल नहीं खाता। कलेक्ट्रर ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए निर्देश दिए हैं कि वे नियम अनुसार वैध लाइसेंस लेकर ही दुकान या प्लांट चलाएं। इसके अलावा, इस लाइसेंस या पंजीयन को ग्राहकों के देखने के लिए प्रतिष्ठान के मुख्य व स्पष्ट स्थान पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित (डिस्प्ले) किया जाए। प्रशासन ने मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वालों पर नकेल कसने के लिए आम उपभोक्ताओं से भी सहयोग मांगा है। कलेक्ट्रर वर्मा ने जनता से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी होटल, रेस्टोरेंट, दुकान या प्लांट में खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित न मिले, या फिर किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट अथवा अनियमितता की आशंका हो, तो वे सीधे कलेक्ट्रर हेल्पलाइन नंबर 0731-181 पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता से मिलने वाली ऐसी हर शिकायत पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम त्वरित जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। प्रकाश/24 मई 2025