:: चयनित ग्राम पंचायतों में दीपदान, कलश यात्रा और स्वच्छता गतिविधियों का होगा आयोजन, जल स्रोतों के संरक्षण पर रहेगा विशेष ध्यान :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत इंदौर जिले में गंगा दशहरा के अवसर पर 25 मई को विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, संवर्धन और जनभागीदारी के माध्यम से आमजन में जल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कलेक्ट्रर शिवम वर्मा के निर्देशन में इंदौर जिले की चयनित ग्राम पंचायतों में धार्मिक, सांस्कृतिक और स्वच्छता आधारित गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई है। अभियान के तहत पारंपरिक बावड़ियों, तालाबों और अन्य जल संरचनाओं की साफ-सफाई, दीपदान, कलश यात्रा, भजन-कीर्तन, लोकगीत और जल संरक्षण विषय पर ज्ञानवर्धक व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। :: विभिन्न जनपदों में होंगे ये प्रमुख आयोजन :: जनपद पंचायत इंदौर की ग्राम पंचायत तिल्लौर खुर्द स्थित प्राचीन बावड़ी में जनसहयोग से जीर्णोद्धार, दीपदान, कलश पूजन और भजन गायन के साथ ही पंचायत क्षेत्र के सभी जल स्रोतों की साफ-सफाई की जाएगी। इसी तरह, जनपद पंचायत महू की ग्राम पंचायत जामखुर्द में देवी अहिल्याबाई द्वारा निर्मित ऐतिहासिक बावड़ी पर गंगाजल यात्रा निकाली जाएगी। यहाँ पूजन-अर्चन के साथ बावड़ी की स्वच्छता, गाद निकासी और जीर्णोद्धार कार्य के बीच महिलाएं पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुतियां देंगी। :: अहिल्या कुंड और बनेड़िया तालाब पर सजेगी महफिल :: जनपद पंचायत सांवेर की ग्राम पंचायत बरलाई जागीर स्थित अहिल्या कुंड परिसर में जलाशय की परिक्रमा, दीपदान और जल गीतों का आयोजन होगा। इस दौरान उपस्थित नागरिकों को जल संरचनाओं के संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए व्याख्यान होंगे और अहिल्या कुंड के गौरवशाली इतिहास से भी अवगत कराया जाएगा। उधर, जनपद पंचायत देपालपुर की ग्राम पंचायत बनेड़िया में चौबीस अवतार मंदिर और ग्रामीण तालाब परिसर में कलश यात्रा निकाली जाएगी। यहाँ जन सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाकर पाल सुदृढ़ीकरण और नाला जीर्णोद्धार जैसे कार्य संपादित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में पहुंचकर जल संरक्षण के इस महाअभियान को सफल बनाएं। प्रकाश/24 मई 2025