राज्य
24-May-2026


:: भरण-पोषण, पारिवारिक विवाद, पेंशन और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का एक ही छत के नीचे होगा त्वरित निराकरण :: इंदौर (ईएमएस)। जनसुनवाई में अपनी पीड़ा लेकर पहुंचने वाले बुजुर्गों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार (25 मई) को एक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस शिविर का मुख्य उद्देश्य वृद्धजनों को एक ही स्थान पर प्रशासन और स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं व न्याय उपलब्ध कराना है। कलेक्ट्रर शिवम वर्मा ने इस संबंध में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि शिविर का आयोजन पूरी तरह सुव्यवस्थित और परिणाममूलक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले किसी भी बुजुर्ग को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनके बैठने व पानी आदि की तमाम व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। :: पारिवारिक विवादों में मध्यस्थता से सुलझेगा रास्ता :: अक्सर देखा जाता है कि जनसुनवाई में आने वाले बुजुर्गों की प्रमुख समस्याओं में पारिवारिक विवाद, बच्चों द्वारा की जा रही सामाजिक उपेक्षा, भरण-पोषण, पेंशन और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां शामिल होती हैं। इस शिविर में इन सभी बिंदुओं पर विशेष फोकस रहेगा। माता-पिता तथा वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम के तहत आने वाले मामलों का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा। इसके साथ ही जिन बुजुर्गों का पारिवारिक या संपत्ति को लेकर विवाद है, उन्हें मध्यस्थता (काउंसलिंग) के माध्यम से सुलझाने की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि ऐसे मामलों में संबंधित बच्चों और परिजनों को भी मौके पर बुलाया जाए, ताकि सामाजिक मूल्यों को ध्यान में रखते हुए आपसी सहमति से सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला जा सके। :: स्वास्थ्य जांच के साथ मिलेगी पेंशन की सौगात :: बुजुर्गों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए कलेक्ट्रेट में ही समाज कल्याण विभाग के अधिकारी पेंशन से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों और शिकायतों को दूर करेंगे। इसके साथ ही शिविर परिसर में ही एक विशेष हेल्थ कैंप भी लगाया जा रहा है, जहाँ डॉक्टरों की टीम बुजुर्गों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाइयां और जरूरी परामर्श देगी। प्रशासन की मंशा है कि इस विशेष पहल के जरिए जिले के बुजुर्गों को एक ही छत के नीचे उनकी हर समस्या का मुकम्मल समाधान मिल सके। प्रकाश/24 मई 2025