:: कड़े सुरक्षा पहरे के बीच करीब 72 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने आजमाया अपना भाग्य :: इंदौर (ईएमएस)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2026 रविवार को इंदौर के 27 परीक्षा उप केंद्रों पर पूरी शुचिता और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दो सत्रों में आयोजित इस परीक्षा में इंदौर केंद्र पर पंजीकृत कुल 12,103 परीक्षार्थियों में से करीब 72 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए। पहले सत्र (सुबह 9:30 से 11:30 बजे) में जहाँ 8,766 (72.42 प्रतिशत) अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, वहीं दूसरे सत्र (दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे) में यह आंकड़ा 8,675 (71.67 प्रतिशत) रहा। परीक्षा के सफल संचालन के लिए आयोग द्वारा संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को परीक्षा समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया था, जिन्होंने स्वयं विभिन्न केंद्रों पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डॉ. खाड़े ने इस बार पहली बार परीक्षा केंद्र बने सेंट पॉल हाई सेकेंडरी स्कूल पहुंचकर केंद्र प्रभारी से उपस्थित व अनुपस्थित छात्र-छात्राओं और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। परीक्षा समन्वयक अधिकारी के सहयोग के लिए इंदौर संभाग की संयुक्त आयुक्त (लिटिगेशन) शैली कनाश को प्रभारी परीक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया था। :: पहली बार आधुनिक तकनीक फेस ऑथेंटिकेशन से मिला प्रवेश :: इस बार परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग (फ्रिस्किंग) की गई, जिसके बाद पहली बार आयोग के विशेष मोबाइल ऐप के जरिए सभी अभ्यर्थियों का फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा मिलान) किया गया। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही उन्हें नियत समय पर परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। इसके अलावा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी गड़बड़ी या अनुचित साधनों के इस्तेमाल को रोकने के लिए सभी 27 केंद्रों पर जैमर भी लगाए गए थे। :: अफसरों की टीम ने संभाला मोर्चा, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम :: सुरक्षा और कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस विभाग की ओर से अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (सुरक्षा) प्रमोद सोनकर को नोडल अधिकारी बनाया गया था, जिनके नेतृत्व में सभी केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। संभागायुक्त डॉ. खाड़े के निर्देश पर सभी केंद्रों के लिए लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर (निरीक्षण अधिकारी) भी नियुक्त किए गए थे। इसके साथ ही मध्य प्रदेश शासन द्वारा एमपीआईडीसी इंदौर के कार्यकारी संचालक हिमांशु प्रजापति और इंदौर नगर निगम के अपर आयुक्त आकाश सिंह को बतौर ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था। वहीं संघ लोक सेवा आयोग की ओर से दिल्ली से आए विशेष निरीक्षण अधिकारी संजय गैरोला एवं सौरव कश्यप ने भी केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों की इस संयुक्त मुस्तैदी के चलते इंदौर में परीक्षा बिना किसी व्यवधान के गरिमामय ढंग से पूरी हुई। प्रकाश/24 मई 2025