राज्य
24-May-2026


:: प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय करेंगे अध्यक्षता, मोतीबाग चौक पर जुटेंगे देश-प्रदेश के दिग्गज नेता :: इंदौर/धार (ईएमएस)। विरासत से विकास की परिकल्पना को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सोमवार (25 मई) को धार जिला मुख्यालय पर एक विशाल जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। जिला प्रशासन धार द्वारा आयोजित इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के प्रभारी व नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा की जाएगी। मोतीबाग चौक स्थित सब्जी मण्डी प्रांगण में दोपहर 12:00 बजे से आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, धार विधायक नीना विक्रम वर्मा, धरमपुरी विधायक कालूसिंह ठाकुर तथा जिला पंचायत अध्यक्ष सरदारसिंह मेड़ा उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही जिला विकास सलाहकार समिति धार के सदस्य एवं अन्य गणमान्य जन भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम के मंच से धार जिले की प्रगति को नई रफ्तार मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उपस्थित अतिथियों के कर-कमलों द्वारा जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण संपन्न किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, इन विकास कार्यों और जल गंगा संवर्धन अभियान के शुरू होने से धार जिले के विकास और जल संरक्षण की दिशा में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ेगा। प्रकाश/24 मई 2025