राष्ट्रीय
24-May-2026


बेंगलुरु (ईएमएस)। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। भटकल क्षेत्र के पास नदी में सीपियां इकट्ठा करने गए एक ही परिवार के 8 लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार यह हादसा कारवार क्षेत्र की तत्थेहकालु नदी में हुआ। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग नदी में सीपियां चुनने गए थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव में लोग बहने लगे। हादसे में मरने वालों में 7 महिलाएं शामिल हैं। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन दल और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन ने आसपास के लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। सुबोध/२४-०५-२०२६