राष्ट्रीय
24-May-2026


कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ा बुलडोजर अभियान चलाया गया। कोलकाता नगर निगम ने तिलजला, कस्बा और बेलियाघाटा समेत कई इलाकों में कार्रवाई करते हुए अवैध इमारतों को ध्वस्त किया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह अभियान शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से चलाया गया। बताया जा रहा है कि तिलजला इलाके में हाल ही में अवैध फैक्ट्री में आग लगने की घटना के बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ाई है। कार्रवाई के दौरान भूमि घोटाले के आरोपी बिस्वजीत पोद्दार उर्फ ‘सोना पप्पू’ से जुड़ी कुछ संपत्तियों पर भी बुलडोजर चलाया गया। आरोप है कि कस्बा क्षेत्र में बिना अनुमति पांच मंजिला इमारत बनाई गई थी। प्रवर्तन निदेशालय पहले ही सोना पप्पू को जमीन कब्जा और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में गिरफ्तार कर चुका है। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता नगर निगम से उनकी 17 संपत्तियों से जुड़े नोटिस का जवाब देने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है। नगर निगम ने कथित निर्माण अनियमितताओं को लेकर नोटिस जारी किया था। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष इसे भ्रष्टाचार और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई बता रहा है, जबकि तृणमूल कांग्रेस इसे राजनीतिक दबाव की कार्रवाई करार दे रही है। सुबोध/२४-०५-२०२६