:: लॉग बुक जांचकर महापौर ने खुद रहवासियों को लगाया फोन, बोले- लापरवाही पर होगी सीधी कार्रवाई :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच नागरिकों तक पानी की एक-एक बूंद पहुंचाना सुनिश्चित करने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव खुद मैदान में उतर गए हैं। शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को शत-प्रतिशत सुचारू बनाए रखने के लिए महापौर लगातार मोर्चेबंदी कर रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने विजयनगर स्थित स्कीम नंबर-54 की पानी की टंकी का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने न केवल अधिकारियों से पूछताछ की, बल्कि सीधे टैंकरों की लॉग बुक अपने हाथ में ले ली। लॉग बुक में दर्ज एंट्री की सत्यता जांचने के लिए महापौर ने उसमें लिखे नंबरों के आधार पर संबंधित आवासीय योजना के रहवासियों को खुद दूरभाष (फोन) लगाया। उन्होंने नागरिकों से सीधे संवाद कर पूछा कि उन्हें टैंकर मिल रहे हैं या नहीं और जलापूर्ति की जमीनी हकीकत क्या है। महापौर ने वहां मौजूद अमले को दोटूक शब्दों में चेतावनी दी कि इस भीषण संकट के दौर में जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। :: जनता को पानी दिलाना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता :: महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इस झुलसा देने वाली गर्मी में इंदौर के नागरिकों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराना नगर निगम की सबसे पहली और सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे शहर की जल वितरण प्रणाली की वे स्वयं और निगम की टीमें लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। गड़बड़ी करने वालों या जनता के हक का पानी रोकने वालों के खिलाफ निगम प्रशासन बेहद कड़े कदम उठाएगा। प्रकाश/24 मई 2025