- सौतेले पिता के खौफनाक अतीत का खुलासा, मां भी पुलिस के रडार पर - आरोपी के पुराने काले कारनामों की जांच में जुटी पुलिस तिरुवनंतपुरम (ईएमएस)। केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के नेदुमंगड में डेढ़ साल के मासूम की हत्या के मामले में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मासूम के बेजान शरीर पर 91 चोटों के निशान मिले हैं, जिसमें उसकी पसली का टूटना भी शामिल है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे की मौत सिर और सीने पर लगी गंभीर चोटों और अंदरूनी रक्तस्राव (इंटरनल ब्लीडिंग) की वजह से हुई। इस खौफनाक रिपोर्ट ने सौतेले पिता आशकर के खिलाफ दर्ज हत्या और बाल क्रूरता के मामले को कानूनी रूप से बेहद मजबूत कर दिया है। पुलिस अब बच्चे के हाथ में पहले हुए एक फ्रैक्चर की भी नए सिरे से जांच कर रही है। इससे पहले, बच्चे की मां अखिला और आरोपी आशकर ने दावा किया था कि बच्चा सीढ़ियों से गिर गया था, लेकिन पुलिस को शुरू से ही इस थ्योरी पर संदेह था। जांच एजेंसियों का साफ कहना है कि अखिला को बच्चे पर हो रहे इस दर्दनाक अत्याचार की पूरी भनक थी। इसी वजह से पुलिस अब साक्ष्य छिपाने और अपराध में सहयोग करने के आरोप में अखिला के खिलाफ भी सख्त धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है। पूछताछ में आरोपी आशकर ने हैरान करने वाला कबूलनामा करते हुए कहा कि यह मासूम बच्चा उन दोनों के रिश्ते और भविष्य की योजनाओं के बीच बाधा बन रहा था। इस खौफनाक वारदात के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी आशकर के काले अतीत की भी कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। उसकी पहली पत्नी अमीना के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आशकर ने अमीना के साथ भी इतनी बेरहमी से मारपीट की थी कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह बिस्तर पर पड़ गई। अमीना फिलहाल तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज और पुनर्वास के दौर से गुजर रही है। इसके अलावा, पुलिस के रडार पर आशकर की एक पूर्व मंगेतर की संदिग्ध मौत और अमीना के भाई की डूबने से हुई रहस्यमयी मौत का मामला भी आ गया है। इस पूरे आपराधिक सिंडिकेट का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस जल्द ही आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए कस्टडी में लेने जा रही है। - ईएमएस 03 जून 2026