राज्य
03-Jun-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दो साल पहले उजागर हुए इन्दौर नगर निगम में करोड़ों के फर्जी बिल घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ईडी ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को विशेष अदालत में पेश कर पूछताछ हेतु तीन दिन की रिमांड मांगी जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है। इनसे अब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी । गिरफ्तार आरोपियों में घोटाले का कथित मास्टरमाइंड और नगर निगम का पूर्व सहायक यंत्री अभय राठौर, ठेकेदार मोहम्मद जाकिर तथा राहुल वडेरा शामिल हैं। ईडी के अनुसार मामले में अब तक करीब 92 करोड़ रुपए के फर्जी बिलों के जरिए वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। वहीं इस सरकारी धन के दुरुपयोग से अर्जित संपत्तियों के दस्तावेजी प्रमाण भी जांच में मिले हैं। बता दें कि उक्त आरोपियों के ख़िलाफ़ पुलिस में भी पूर्व में प्रकरण दर्ज करवायें जा चुके हैं जिनमें पुलिस कार्रवाई कर रही है वहीं कुछ प्रकरण न्यायालय में लंबित है। आनंद पुरोहित/ 03 जून 2026