राज्य
03-Jun-2026
...


- मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य क्षेत्र को और आधुनिक व जनकेंद्रित बनाने की दिशा में सरकार की पहल गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात के नागरिकों को घर के निकट अत्याधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल तथा उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया की अध्यक्षता में गांधीनगर में राज्यभर में कार्डियक (हृदय) सेवाओं के विस्तार को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वर्ष 2025 में यू.एन. मेहता कार्डियक संस्थान की उल्लेखनीय उपलब्धियां बैठक में स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, आधुनिक और जनकेंद्रित बनाने के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि वर्ष 2025 के दौरान यू.एन. मेहता कार्डियक इंस्टीट्यूट ने अभूतपूर्व कार्य किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में संस्थान द्वारा 8,504 सफल कार्डियक सर्जरी (हृदय ऑपरेशन) किए गए। इसके अलावा औसतन 3.94 लाख से अधिक मरीजों की ओपीडी जांच की गई तथा 52,167 गंभीर मरीजों को आईपीडी के अंतर्गत उत्कृष्ट इनडोर उपचार प्रदान किया गया। पोरबंदर, भावनगर, सूरत और अहमदाबाद में बन रहे सैटेलाइट सेंटरों की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने आगामी दिनों में शुरू होने वाले यू.एन. मेहता कार्डियक इंस्टीट्यूट के पोरबंदर, भावनगर, सूरत और सोला-अहमदाबाद स्थित सैटेलाइट सेंटरों के निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। इसके साथ ही वर्तमान में संचालित गांधीनगर और राजकोट केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का भी आकलन किया गया। गुजरात बन रहा है देश और विदेश के मरीजों के लिए भरोसेमंद हेल्थकेयर हब स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने कहा कि गुजरात आज केवल राज्य के नागरिकों के लिए ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों तथा विदेशों से आने वाले मरीजों के लिए भी एक विश्वसनीय और आधुनिक हेल्थकेयर हब के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गरीब और मध्यमवर्गीय मरीज को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और आधुनिक उपचार के साथ मानवीय संवेदनाओं का स्पर्श मिले, इसके लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ‘हेल्थकेयर विद ह्यूमैनिटी’ के विजन को मजबूत करने पर जोर मंत्री पानशेरिया ने “हेल्थकेयर विद ह्यूमैनिटी” के दृष्टिकोण को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट, अहमदाबाद के पदाधिकारियों के साथ राज्यभर में कार्डियक सेवाओं के सुनियोजित विस्तार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक में हृदय रोग उपचार सुविधाओं के विस्तार, बेहतर स्वास्थ्य अवसंरचना के निर्माण तथा मरीजों को अधिक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आगामी रणनीति पर भी चर्चा की गई। - 03 जून