- मंत्री जायसवाल बोले—CM साय के नेतृत्व में जनता पूरी तरह संतुष्ट रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय उप-चुनाव के नतीजों और शुरुआती रुझानों के बाद प्रदेश की सियासत एक बार फिर तेज हो गई है। कई स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी की बढ़त को लेकर सत्ता पक्ष ने इसे जनता के भरोसे की जीत बताया है, वहीं कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उप-चुनाव परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से लगातार हो रहे चुनावों में भाजपा को बड़ी सफलता मिल रही है। चाहे नगरीय निकाय हों या पंचायत स्तर के चुनाव, अधिकांश क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति मजबूत दिख रही है। उन्होंने दावा किया कि इन नतीजों से यह स्पष्ट होता है कि प्रदेश की जनता सरकार की नीतियों और कामकाज से संतुष्ट है तथा भाजपा के प्रति समर्थन लगातार बढ़ रहा है। कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जब चुनाव परिणाम पक्ष में होते हैं तो कांग्रेस इसे सरकार की उपलब्धि मानने से इंकार कर देती है, और जब परिणाम उनके पक्ष में नहीं आते तो आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव में हार के बाद अलग-अलग कारण बताने लगती है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि जनता का विश्वास भाजपा के साथ है। मंत्री जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए कि लगातार चुनावों में उसकी स्थिति कमजोर क्यों हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उप-चुनावों के परिणाम यह संकेत दे रहे हैं कि आने वाले समय में भी प्रदेश में भाजपा की स्थिति और मजबूत होगी। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, जिसका असर चुनाव परिणामों में साफ दिखाई दे रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)04 जून 2026