- डीएनए रिपोर्ट से खुलेगा रहस्य - परिवार को हत्या किए जाने का अंदेशा गंजाम (ईएमएस)। ओडिशा के गंजाम जिले के आस्का इलाके में पिछले 18 महीनों से लापता एक 24 वर्षीय युवक के मामले में एक सनसनीखेज मोड़ आया है। पुलिस ने एक बंद पड़ी स्पिनिंग मिल परिसर के खाली मकान से एक मानव कंकाल बरामद किया है, जिससे इस लंबे समय से उलझे रहस्य के सुलझने की उम्मीद बढ़ गई है। लापता युवक की पहचान नर्सिंहपुर निवासी ए. शंकर पात्रा के रूप में की जा रही है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कंकाल के पास पड़े कपड़े और जूतों को देखकर दावा किया है कि यह शव शंकर का ही है। हालांकि, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मौत की असली वजह और पहचान की आधिकारिक पुष्टि केवल डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी। कुटिनाडा थाने के प्रभारी निरीक्षक दामोदर बिहारी ने बताया कि कंकाल को वैज्ञानिक परीक्षण के लिए एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक विभाग भेज दिया गया है। पेशावर रूप से एक किराना दुकान चलाने वाला शंकर, 29 नवंबर 2024 से अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने 1 दिसंबर को कुटिनाडा थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि गायब होने वाले दिन शंकर ने अपने कुछ दोस्तों को मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन उस मुलाकात के बाद वह कभी घर वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आने लगा। परिवार ने अंदेशा जताया है कि उसके उन्हीं दोस्तों ने किसी विवाद में शंकर की हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के इरादे से शव को इस सुनसान मकान में फेंक दिया। दूसरी तरफ, पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी तक हत्या की कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने फिलहाल अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रामयश / ईएमएस 04 जून 2026