अंतर्राष्ट्रीय
07-Jun-2026
...


वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी प्रांत ओहियो के टोलेडो शहर में रविवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक ऐतिहासिक सामुदायिक उत्सव के दौरान हुई अंधाधुंध गोलीबारी में कई लोगों के मारे जाने और अनेक लोगों के घायल होने की खबर है। यह वारदात ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल के दौरान हुई, जो टोलेडो का एक बेहद लोकप्रिय और पारंपरिक दो दिवसीय आयोजन है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें केवल एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिली थी, लेकिन जब सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे, तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक था और बड़ी संख्या में लोग लहूलुहान पड़े थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया, हालांकि अभी घायलों की गंभीर स्थिति और मरने वालों के सटीक आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। घटना के वक्त वहां मौजूद चश्मदीदों ने इस खौफनाक मंजर की दास्तां बयां की है। अमेरिकी नेवी में रह चुके और मेडिकल ट्रेनिंग प्राप्त केविन बेरी नामक एक चश्मदीद ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ बैठकर लाइव कन्सर्ट का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। उन्होंने देखा कि महज 50 फीट की दूरी पर बंदूकें लहराई जा रही थीं और लोग जान बचाने के लिए जमीन पर लेट रहे थे। बेरी ने अपनी जान की परवाह न करते हुए तुरंत घायलों की तरफ दौड़ लगाई और उन्हें प्राथमिक उपचार देना शुरू किया। उत्सव की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। इस हिंसक घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई विचलित करने वाले वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें गोलियों की आवाज के बीच बदहवास लोग इधर-उधर भागते और चीखते-चिल्लाते नजर आ रहे हैं। सिटी काउंसिल की सदस्य थेरेसा मॉरिस ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि गोलीबारी में कम से कम आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने इसे स्थानीय निवासियों और उत्सव प्रेमियों के लिए एक बेहद दर्दनाक त्रासदी बताया। वहीं, ओहियो के गवर्नर माइक डिवाइन ने भी घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समर फेस्टिवल जैसे आयोजन परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान होने चाहिए, जहां लोग बिना किसी डर के खुशी के पल बिता सकें, न कि हिंसा का शिकार हों। फिलहाल पूरे इलाके को सील कर संदिग्धों की धरपकड़ तेज कर दी गई है। वीरेंद्र/ईएमएस/07जून2026