-कंगना की फिल्म भारत भाग्य विधाता बहादुरी की एक कहानी, 12 को होगी रिलीज नई दिल्ली,(ईएमएस)। अभिनेत्री कंगना रनौत इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म भारत भाग्य विधाता को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने फिल्म के बारे में बताया कि इसकी कहानी 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान सामने आई एक ऐसी बहादुरी पर आधारित है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। कंगना ने कहा कि ये फिल्म कामा अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और हेल्थकेयर स्टाफ की हिम्मत और समर्पण को दिखाती है। उन्होंने बताया कि आतंकी हमलों के दौरान जब बाहर गोलियां चल रही थीं और हर तरफ अफरा-तफरी मची थी, तब भी अस्पताल का स्टाफ अपने कर्तव्य पर डटा रहा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कंगना ने कहा कि ये 26/11 हमलों में की एक अनसुनी वीरता की कहानी है। गोलियों और दहशत के बीच नर्सों ने 20 बच्चों की डिलीवरी करवाई थी। उन्होंने आगे कहा कि डॉक्टर और नर्सें ऐसे लोग होते हैं जो किसी भी मुश्किल परिस्थिति में मरीजों का साथ नहीं छोड़ते। उन्होंने कहा कि हमने कोविड के समय भी देखा कि डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा करते रहे। चाहे मरीज को कोई भी बीमारी हो, अस्पताल कभी इलाज से मना नहीं करता। उन्होंने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा हैरानी इस बात की है कि बाहर बम धमाके और गोलियां चल रही थीं, लेकिन अस्पताल की नर्सें ऊपर-नीचे भागकर मरीजों की देखभाल कर रही थीं और बच्चों की डिलीवरी करा रही थीं। कंगना बोलीं- उनके अंदर इंसानियत और अपने काम के प्रति जो समर्पण था, उसने मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित किया। हाल ही में फिल्म की एक खास स्क्रीनिंग भुवनेश्वर में की गई, जिसमें ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव और कंगना रनौत भी मौजूद थीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने इस फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग की है। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कंगना ने इसके नाम के पीछे की कहानी भी बताई। उन्होंने कहा कि भारत भाग्य विधाता नाम पीएम मोदी के उस संबोधन से प्रेरित है, जिसमें उन्होंने देश के श्रमिकों और मेहनतकश लोगों को भारत भाग्य विधाता कहा था। कंगना ने बताया कि जिस तरह प्रधानमंत्री ने दिव्यांगजनों, विधवाओं और कारीगरों के लिए नए सम्मानजनक नाम दिए, उसी तरह उन्होंने श्रमिकों को भारत भाग्य विधाता कहा। ये बात हमारे दिल को छू गई और हमने यही नाम फिल्म के लिए चुना। फिल्म में कंगना एक स्टाफ नर्स के किरदार में नजर आएंगी। ये एक ऐसी आम महिला की कहानी है, जो लोगों की सेवा करती है, लेकिन अक्सर उसकी मेहनत को वो पहचान नहीं मिलती जिसकी वो हकदार होती है। फिल्म की कहानी उन नर्सों और वार्ड बॉयज पर फोकस करती है, जो उस मुश्किल वक्त में चुपचाप हीरो बनकर सामने आए थे। फिल्म ये दिखाती है कि अस्पताल और स्वास्थ्य व्यवस्था ऐसे लोगों के बिना अधूरी है। भारत भाग्य विधाता 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सिराज/ईएमएस 09 जून 2026