मुंबई(ईएमएस)। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। अभिनेता आगामी 5 जुलाई 2026 को अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। साठ वर्ष की उम्र में तीसरी बार शादी करने और जीवनसाथी के रूप में एक हिंदू लड़की को चुनने को लेकर आमिर खान को सोशल मीडिया पर काफी नफरत और आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में जब ट्रोल्स उन पर लगातार उंगलियां उठा रहे हैं, गुजरे जमाने की दिग्गज और सम्मानित अभिनेत्री राखी गुलजार खुलकर आमिर के समर्थन में आगे आई हैं। एक हालिया इंटरव्यू में राखी गुलजार ने आमिर खान के फैसले का बचाव करते हुए समाज और ट्रोल्स की सोच पर कड़े सवाल उठाए हैं। राखी गुलजार ने कहा कि वे भले ही लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री की चकाचौंध से दूर हैं और उन्होंने आमिर खान के साथ कभी स्क्रीन साझा नहीं की है, लेकिन वे जानती हैं कि आमिर एक बेहद ईमानदार इंसान हैं। राखी ने आमिर की तारीफ करते हुए कहा कि अपनी दोनों पूर्व पत्नियों (रीना दत्ता और किरण राव) के साथ तलाक के बाद भी जिस तरह आमिर ने दोस्ती का रिश्ता बनाए रखा है, वह उनकी परिपक्वता को दर्शाता है। वे तीनों आज भी एक परिवार की तरह रहते हैं, जो बहुत बड़ी बात है। बता दें कि आमिर खान ने खुद इस खबर की पुष्टि की है और वे अक्सर गौरी के लिए अपने प्यार का इजहार करते नजर आते हैं। इससे पहले आमिर ने अपने 60वें जन्मदिन पर गौरी को दुनिया के सामने अपनी गर्लफ्रेंड के रूप में पेश किया था। हालांकि, अभिनेता की तीसरी शादी की खबरों के सामने आते ही सोशल मीडिया पर ट्रोल्स ने उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया है, जिससे एक नया विवाद खड़ा हो गया है। आमिर के फैसले को सही ठहराने के लिए राखी गुलजार ने हॉलीवुड सितारों का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि 60 साल की उम्र में शादी करने में कुछ भी गलत नहीं है। हॉलीवुड स्टार रॉबर्ट डी नीरो ने दो शादियां कीं और 80 वर्ष की उम्र के बाद भी पिता बने। शादी और जीवन में खुशी कभी भी उम्र के दायरे में नहीं बंधती। राखी ने अपनी निजी जिंदगी का जिक्र करते हुए बताया कि जब उनकी शादी गुलजार से हुई थी, तब वे भी करीब 40 वर्ष के थे, लेकिन इससे उनके रिश्ते पर कोई नकारात्मक फर्क नहीं पड़ा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इन बातों से फर्क नहीं पड़ता, तो हमारे यहां इसे मुद्दा क्यों बनाया जाता है। आमिर और गौरी अपने रिश्ते से बेहद खुश हैं और साथ जिंदगी बिताना चाहते हैं, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए। वीरेंद्र/ईएमएस 09 जून 2026