मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की स्टाइल क्वीन और चर्चित अभिनेत्री सोनम कपूर आज अपना 41वां जन्मदिन मना रही हैं। हिंदी फिल्म उद्योग में अपनी अलग पहचान बनाने वाली सोनम कपूर ने अभिनय, फैशन और सामाजिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने के कारण विशेष लोकप्रियता हासिल की है। अभिनेता अनिल कपूर की बेटी होने के बावजूद उन्होंने अपने दम पर बॉलीवुड में एक विशिष्ट स्थान बनाया। 9 जून 1985 को मुंबई में जन्मी सोनम कपूर का बचपन फिल्मी माहौल में बीता। हालांकि अभिनय में आने से पहले उन्होंने पर्दे के पीछे काम करना पसंद किया और वर्ष 2005 में संजय लीला भंसाली की चर्चित फिल्म ब्लैक में सहायक निर्देशक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद भंसाली ने ही उन्हें वर्ष 2007 में फिल्म सांवरिया से लॉन्च किया। फिल्म भले ही बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही, लेकिन सोनम की मासूम अदाकारी और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वर्ष 2009 में आई दिल्ली-6 ने उनके अभिनय को नई पहचान दी। इसके बाद उन्होंने कई अलग-अलग तरह की फिल्मों में काम किया, लेकिन वर्ष 2013 उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। रांझणा और भाग मिल्खा भाग जैसी फिल्मों की सफलता ने उन्हें बॉलीवुड की प्रमुख अभिनेत्रियों की कतार में खड़ा कर दिया। दोनों फिल्मों में उनके अभिनय की समीक्षकों और दर्शकों ने जमकर सराहना की। सोनम कपूर ने वर्ष 2015 में सलमान खान के साथ प्रेम रतन धन पायो में काम किया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और 200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने में सफल रही। इसके बाद वर्ष 2016 में आई नीरजा उनके करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल हो गई। एयर होस्टेस नीरजा भनोट के साहसिक जीवन पर आधारित इस फिल्म में उनके अभिनय को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया। वर्ष 2018 सोनम के लिए बेहद खास रहा। एक ओर पैडमैन और संजू जैसी सफल फिल्मों में उनकी मौजूदगी चर्चा में रही, वहीं दूसरी ओर उन्होंने उद्योगपति आनंद आहूजा से विवाह कर अपने जीवन की नई शुरुआत की। वर्ष 2022 में वह बेटे वायु की मां बनीं और इसके बाद से परिवार को अधिक समय देने लगीं। सोनम कपूर को केवल अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि फैशन इंडस्ट्री की ट्रेंडसेटर के रूप में भी देखा जाता है। वर्ष 2009 में उन्हें अंतरराष्ट्रीय कॉस्मेटिक ब्रांड लॉरियल का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था। रेड कार्पेट पर उनके स्टाइल स्टेटमेंट अक्सर सुर्खियां बटोरते रहे हैं। वर्ष 2023 में फिल्म ब्लाइंड में नजर आने के बाद सोनम ने फिल्मों से कुछ दूरी बनाई है, लेकिन उनके प्रशंसक आज भी उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। अपने अभिनय, आत्मविश्वास और फैशन सेंस से लाखों दिलों पर राज करने वाली सोनम कपूर का सफर आज भी युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा बना हुआ है।