- पार्षदों द्वारा निजी घरों में बोरवेल लगवाने लगे आरोप - बस स्टैंड पर भी अवैध कब्जा करने लगा आरोप कोरबा (ईएमएस) कोरबा-पश्चिम नगर पालिका परिषद दीपका नेता प्रतिपक्ष हर्षित देवी राजपूत ने भ्रष्टाचार और शाश्कीय संपत्ति के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे हैं। उन्होंने पार्षद निधि से निजी घरों में बोरवेल कराने और वार्ड 10 के बस स्टैंड पर अवैध कब्जे का मुद्दा उठाया। इन मुद्दों पर कार्यवाही न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। जानकारी के अनुसार नेता प्रतिपक्ष ने सबूतों के साथ शिकायत करी हैं कि वार्ड क्रमांक 04, 05 और 18 में जनता की सहूलियत के लिए स्वीकृत पार्षद निधि का दुरुपयोग किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर लगने वाले बोरवेल को पार्षदों ने अपने निजी घरों में करवा लिया है। नेता प्रतिपक्ष हर्षित देवी राजपूत ने कहा कि जब जनता पानी की बूंद-बूंद को तरस रही है, तब जनता के टैक्स के पैसे से पार्षद अपने घर चमका रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। - बस स्टैंड की दुर्दशा पर सवाल उठाए दूसरे मामले में उन्होंने वार्ड 10 स्थित बस स्टैंड की दुर्दशा पर आरोप लगाते हुए सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि यह बस स्टैंड पिछले 20 वर्षों से निष्क्रिय है। इसका फायदा उठाकर परिसर और दुकानों पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। वर्तमान में यह जगह अवांछित और असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बन चुकी है। जानकारी के अनुसार दोनों मामलों की लिखित शिकायत कलेक्टर कार्यालय कोरबा में दर्ज कराई गई है। नेता प्रतिपक्ष ने कलेक्टर से मांग की कि वे स्वयं या उच्च अधिकारियों की टीम भेजकर स्थलों का भौतिक निरीक्षण कराएं। दोषियों पर दंडात्मक कार्यवाही कर बस स्टैंड को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि नगर पालिका प्रशासन और जिला प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाया तो वे जनता के हक के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को विवश होंगी। उन्होंने कहा कि यह केवल भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि जनता के संवैधानिक अधिकारों का हनन है। - 09 जून