क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


कोंडागांव(ईएमएस)। जिले के फरसगांव क्षेत्र स्थित सीएएफ (CAF) कैंप में तैनात एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जवान ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद पुलिस और विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मृतक जवान की पहचान जोगेंद्र नेताम के रूप में हुई है, जो उरंदाबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित सीएएफ कैंप में पदस्थ था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल जवान को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोंडागांव के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत कारणों और मानसिक तनाव की संभावना जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। एसपी ने उरंदाबेड़ा थाना प्रभारी को सभी पहलुओं की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल कर रहे हैं तथा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 जून 2026